तेलंगाना में बड़ा हादसा: SLBC टनल का हिस्सा भरभराकर गिरा; 6 मजदूर मलबे में फंसे; 43 को सुरक्षित निकाला
तेलंगाना में शनिवार (22 फरवरी) को बड़ा हादसा हो गया। नागरकुरनूल में SLBC (श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल) टनल प्रोजेक्ट का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। 6 मजदूर मलबे में दबे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर 43 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। फंसे मजदूरों को रेस्क्यू किया जा रहा है। हादसा सुरंग के एंट्री पॉइंट से 14 किमी अंदर हुआ
4 दिन पहले ही शुरू हुआ था काम
जानकारी के मुताबिक, नागरकुरनूल जिले में SLBC (श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल) टनल प्रोजेक्ट का काम काफी समय से रुका था। चार दिन पहले 18 फरवरी को दोबारा काम शुरू किया गया। सुरंग के एंट्री पॉइंट से 14 किमी अंदर 50 मजदूर काम कर रहे थे। काम के दौरान शनिवार को अचानक टनल की छत हिस्सा भरभराकर ढह गया। मजदूर मलबे में दब गए।
43 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंची। 43 सुरक्षित मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाकी मजदूरों को रेस्क्यू किया जा रहा है। नागरकुरनूल के SP वैभव गायकवाड़ ने बताया कि सिंचाई परियोजना का काम करने वाली कंपनी की 2 रेस्क्यू टीमें स्थिति का आकलन करने के लिए सुरंग में गई हैं।
मंत्री ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी मांगी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है। सीएम ने जिला कलेक्टर, अग्निशमन विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत उपाय करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी सुरंग दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली है। मंत्री ने अधिकारियों से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने को कहा है। इधर सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार और उनके विभाग के अन्य अधिकारी एक विशेष हेलीकॉप्टर से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।