जंगल रोड पर गांजे की खेप का भंडाफोड़, गोरखपुर पुलिस ने तस्कर को दबोचा

10 किलो से अधिक गांजा जब्त, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार — नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद

जबलपुर मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत गोरखपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले भर में अवैध नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर संभाग एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

6 फरवरी को क्षेत्र भ्रमण एवं गश्त के दौरान पुलिस टीम ने जंगल रोड, नयागांव रामपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को दो पिट्ठू बैग के साथ खड़े देखा। पुलिस वाहन को देखकर युवक घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आदित्य उर्फ आदी विश्वकर्मा (19 वर्ष), पिता लक्ष्मीशंकर विश्वकर्मा, निवासी सिधी कैंप, दीपक डेयरी के सामने, हनुमान ताल के रूप में हुई।

जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 10 पैकेट मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 10.380 किलोग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी से जुड़े अपने एक अन्य साथी का नाम भी उजागर किया है, जिससे नशे के इस नेटवर्क के और खुलासे होने की संभावना है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नितिन कमल के नेतृत्व में रामपुर चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव, रवींद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक मोहन बरकडे, रामकृष्ण विश्वकर्मा तथा क्राइम ब्रांच से नरेश पासी, राजेश पांडेय, रुस्तम अली, अखिलेश पांडेय और गोविंद राय की भूमिका सराहनीय रही।
गोरखपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के सौदागरों के बीच स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून की पकड़ से बचना अब आसान नहीं।

कुनाल सिंह 

Leave A Reply

Your email address will not be published.