जबलपुर के थाना पाटन की नुनसर चौकी अंतर्गत ग्राम सिमरिया में मिली युवती की निर्मम हत्या का पुलिस ने परत-दर-परत खुलासा कर दिया है। 15 फरवरी 2026 को एम.एम. इंटरनेशनल स्कूल के पीछे कच्ची सड़क पर मिले शव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। युवती के सिर और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी।
एसपी जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्यों और बारीकी से की गई पतासाजी के आधार पर मृतका की पहचान तनु चक्रवर्ती (18) निवासी गढ़ा के रूप में की। जांच की सुई जैसे ही परिचितों की ओर घूमी, कहानी ने खौफनाक मोड़ ले लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी योगेश उर्फ इंशु गौड (22) ने प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर चल रहे विवाद के चलते अपने साथियों—पंकज बर्मन (21) और अंकित श्रीवास उर्फ राजा (24)—के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में पाटन, तिलवारा, सिविल लाइन पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही। प्रेम, विवाद और साजिश की यह कहानी एक बार फिर यह साबित करती है कि रिश्तों में दरार जब अपराध का रूप ले ले, तो अंजाम कितना भयावह हो सकता है।