रोशनी की नई किरण: अमेहटा में 142 आंखों की जांच, 50 को मुफ्त चश्मे और 18 मरीजों का होगा निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
कटनी जिले के ग्राम अमेहटा में सामाजिक सरोकार की एक सशक्त मिसाल देखने को मिली, जब अदाणी फाउंडेशन और गीता गुप्ता चैरिटेबल ट्रस्ट (जी.जी. नर्सिंग होम, कटनी) के संयुक्त तत्वावधान में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र, अमेहटा) में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
25 फ़रवरी को आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 142 ग्रामीणों की आंखों से जुड़ी समस्याओं की गहन जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को न सिर्फ परामर्श दिया, बल्कि आवश्यक दवाइयां भी वितरित कीं। जांच के उपरांत 50 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन में स्पष्ट दृष्टि की नई उम्मीद जगी।

शिविर का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा मोतियाबिंद से पीड़ित 18 मरीजों का चयन, जिन्हें गीता गुप्ता चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से वाहन द्वारा कटनी स्थित जी.जी. नर्सिंग होम ले जाया जाएगा, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 60 अन्य मरीजों की ब्लड प्रेशर और शुगर जांच भी की गई तथा सामान्य रोगों की दवाएं शासकीय चिकित्सकीय टीम द्वारा वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमेहटा सीमेंट वर्क्स के प्लांट हेड मोहन सिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथियों में एच.आर. हेड नितिन बत्रा, क्लस्टर सी.एस.आर. हेड ऐनट एफ विश्वास, हेड माइनिंग बी.के. सिंह, डॉ. महेश बिश्नोई, ग्राम सरपंच इंदु विश्वकर्मा व उपसरपंच आशीष उर्मलिया उपस्थित रहे। अतिथियों ने ग्रामवासियों के साथ विधिवत पूजन कर शिविर का शुभारंभ किया।

शिविर की सफलता में गीता गुप्ता चैरिटेबल ट्रस्ट की संयोजक डॉ. शेफाली गुप्ता, सी.एच.ओ. शैली गुरुंग, सेक्टर सुपरवाइज़र अशोक महोबिया, उमाकांत उर्मलिया सहित आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अदाणी फाउंडेशन की ओर से पंकज द्विवेदी के मार्गदर्शन में अमित सोनी, विशाल पटेल, अयोध्या तिवारी व पारस पटेल ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनोद, मेडिकल ऑफिसर डॉ. डेनियल, पी.एच.सी. कैमोर से डॉ. मोहिता दीक्षित सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों के सहयोग से यह शिविर जनसेवा की मिसाल बन गया।
ग्राम सरपंच एवं ग्रामीणों ने इस पहल की खुलकर सराहना करते हुए इसे गांव के लिए “रोशनी की सौगात” बताया और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
