वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच ‘सट्टा सिंडिकेट’ पर पुलिस का वार…

कार में चल रहा था ऑनलाइन खेल, दो बुकियों की गिरफ्तारी

जबलपुर टी-20 वर्ल्ड कप के जोश और जुनून के बीच थाना रांझी पुलिस ने अवैध क्रिकेट सट्टे के खेल पर करारा प्रहार करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। डार्क ब्लू कार को मोबाइल कंट्रोल रूम बनाकर चल रहे इस सट्टा नेटवर्क का खुलासा तब हुआ, जब मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने मेमोरी तिराहा, रामनगर रांझी क्षेत्र में दबिश दी।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कार (एमपी 20 जेड जे 0030) से दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में 4 मोबाइल फोन, 20 हजार 350 रुपये नगद और कार जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम अनमोल पटारिया उर्फ बीसू (29), निवासी दर्शन तिराहा रांझी तथा कृष्णा नामदेव (25), निवासी आदर्श मार्केट रांझी बताए। थाना प्रभारी उमेश गोलानी के अनुसार कृष्णा के मोबाइल में “क्रिकेट गुरु” एप खुला मिला, जिसमें श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड मैच के रन और भाव लाइव अपडेट हो रहे थे, जबकि अनमोल के मोबाइल में “थर्ड आई” एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था।

पूछताछ में अनमोल ने खुलासा किया कि वह बड़े बुकियों से मास्टर आईडी लेकर एजेंटों को आईडी-पासवर्ड वितरित करता था और सिंडीकेट बनाकर सट्टा खिलाता था। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य एजेंटों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुट गई हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। वर्ल्ड कप के दौरान अवैध सट्टे पर पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि खेल के नाम पर कानून से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसना जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.