एक बगिया माँ के नाम” से खिलेगी आत्मनिर्भरता की राह:

अदाणी फाउंडेशन और सरकार के सहयोग से SHG महिलाओं को मिला ड्रिप सिंचाई सिस्टम

विजयराघवगढ़ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना “एक बगिया माँ के नाम” अब ज़मीनी स्तर पर रंग दिखाने लगी है। इसी कड़ी में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से विजयराघवगढ़ में स्व-सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को आधुनिक ड्रिप सिंचाई सिस्टम उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके खेतों में लगने वाली फलदार बगिया आने वाले समय में समृद्धि का आधार बनेगी।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत कटनी हरसिमरनप्रीत कौर (IAS) की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को ड्रिप इरिगेशन सिस्टम का सामूहिक वितरण किया गया। इस योजना के तहत महिलाओं की निजी भूमि पर 0.5 से 1 एकड़ क्षेत्र में फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं, जिसके लिए पौधे, खाद, कंटीले तार की फेंसिंग, जलकुंड निर्माण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार ड्रिप सिंचाई तकनीक से पौधों की जड़ों तक बूंद-बूंद पानी सीधे पहुंचता है, जिससे 60 से 70 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है और पौधों की वृद्धि तेज होती है। यह तकनीक विशेष रूप से पानी की कमी वाले क्षेत्रों में महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इसके साथ ही फलदार पौधों की दो कतारों के बीच की भूमि में अंतरवर्गीय फसल लगाकर शुरुआती वर्षों में भी आय का स्रोत तैयार किया जा सकेगा।

इस परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम 100 महिलाओं का चयन कर उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को खेती में आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें स्थायी आय का माध्यम उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरसिमरनप्रीत कौर (IAS) ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार की दूरदर्शी योजनाओं और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के सहयोग से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का यह प्रयास सराहनीय है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह, एसडीएम विवेक गुप्ता, नगर परिषद विजयराघवगढ़ अध्यक्ष राजेश्वरी दुबे, नगर परिषद कैमोर अध्यक्ष पलक नामित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट, भाजपा जिला मंत्री मनीष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री सुनीता दाहिया, सीएमओ मनीष पार्थे, जनपद पंचायत सीईओ ब्रतेश जैन, बीएमओ विनोद कुमार, ओएचसी कैमोर सीमेंट सोमा श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की डीपीएम सबाना बेगम के मार्गदर्शन में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर विवेक द्विवेदी, प्राणेंद्र गुप्ता, रानी गुप्ता और अर्विंद्र मिश्रा ने हितग्राहियों के चयन और सामग्री वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अदाणी फाउंडेशन की टीम और स्थानीय प्रशासन का विशेष योगदान रहा।

ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से…

Leave A Reply

Your email address will not be published.