स्कूल शिक्षक निकला करोड़पति, लोकायुक्त की दबिश

जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बुधवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सहायक शिक्षक के राम कॉलोनी सुहागी जबलपुर स्थित निवास और फार्म हाउस में दबिश दी है। प्रारंभिक जांच में आय के अनुपात में सौ फीसदी अतिरिक्त आय अर्जित करना पाया गया है। लोकायुक्त टीम को जमीनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि सहायक शिक्षक का बेटा जो कि पेशे से इंजीनियर हैं और भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश पदाधिकारी है।

छापामार कार्रवाई में शामिल लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी दिलीप झरवडे ने मीडिया को बताया कि लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को एक लिखित शिकायत मिली थी। जिसमें बताया गया था कि  बरखेड़ा -कुशनेर स्थित एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बरखेर में उच्च श्रेणी शिक्षक ( सहायक शिक्षक) के पद पर पदस्थ रहे हरिशंकर दुबे ने अपनी 40 साल की सेवा के दौरान अकूत संपत्ति अर्जित की है। जो कि उनकों मिलने वाले वेतन के अनुपात से कई गुना अधिक है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए बुधवार की सुबह लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने उनके निवास स्थान म. नंबर 257 श्रीराम कॉलोनी सुहागी जबलपुर और फार्म हाउस में एक साथ तड़के सुबह 6 बजे 15 सदस्यीय दल ने छापामार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में 5 दर्जन से अधिक भूखंडों के दस्तावेज, स्वर्णाभूषण एवम् अनेक बैंक खाते पाए गए। मिले दस्तावेजों और अन्य चल -अचल संपत्ति का आंकलन करने पर यह बात सामने आई है कि सहायक शिक्षक द्वारा सौ फीसदी अनुपातहीन अर्जित की गई थी, अभी विवेचना जारी है। बताया जाता है कि हरिशंकर दुबे का पुत्र अतुल दुबे भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश पदाधिकारी है।

Comments (0)
Add Comment