“रेलवे स्टेशन बना तस्करी का अड्डा: मुड़वारा में पति-पत्नी ‘गांजा नेटवर्क’ के साथ दबोचे गए, 5 किलो मादक पदार्थ जब्त”
कटनी जिले के मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित प्रयास का पर्दाफाश किया है। प्लेटफार्म नंबर-2 पर संदिग्ध हालात में बैठे एक पति-पत्नी को दबोचकर पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान रानू प्रजापति (40 वर्ष), निवासी बंडा, जिला सागर और उसकी पत्नी ज्योति प्रजापति के रूप में हुई है। जीआरपी पुलिस के मुताबिक, दोनों काफी देर से प्लेटफार्म पर बैठे हुए थे और उनकी गतिविधियां सामान्य यात्रियों से अलग नजर आ रही थीं।
शक के आधार पर जब जीआरपी पुलिस ने तलाशी ली, तो आरोपियों के पास रखे सफेद रंग के थैले से दो बंडल बरामद हुए। जांच में बंडलों में रखा हरी पत्ती युक्त मादक पदार्थ गांजा निकला। मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर जीआरपी थाने लाया गया।
पूछताछ और प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
फिलहाल जीआरपी पुलिस इस बात की गहन जांच में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इसके तार किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
जीआरपी की इस कार्रवाई को रेलवे मार्ग से होने वाली मादक पदार्थ तस्करी पर करारा प्रहार माना जा रहा है, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है।
कटनी से ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की रिपोर्ट