“ऑपरेशन शिकंजा” की सख्ती: 350 पाव देशी शराब के साथ तस्कर दबोचा, पुलिस की घेराबंदी में भागने की कोशिश नाकाम

कटनी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया है। “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत थाना बाकल पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 350 पाव देशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

अभिनय विश्वकर्मा (एसपी) और संतोष डेहरिया (एडिशनल एसपी) के मार्गदर्शन तथा आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।

ढाबे के पास दबिश, भागने की कोशिश नाकाम

पुलिस को सूचना मिली थी कि मझगवां स्थित रामभरोस यादव ढाबा के पास एक युवक भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना बाकल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान ग्राम बाकल निवासी कुनाल सिंह राजपूत के रूप में हुई है।

63 लीटर शराब जब्त, कीमत करीब 35 हजार

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सीलबंद देशी लाल मशाला शराब के कुल 350 पाव बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 63 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के नेतृत्व में बी.एम. चौधरी, ब्रजेन्द्र उरमलिया, जोगेन्द्र तिवारी, शिवसिंह, राजभान पटेल, कमलकांत यादव और रोहित सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

कटनी पुलिस का स्पष्ट संदेश है—अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों पर शिकंजा लगातार कसता रहेगा।

कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से…

Comments (0)
Add Comment