कटनी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त तेवर दिखाते हुए लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने कटनी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्ही.ए. सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया। जैसे ही रकम हाथ में आई, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने दबिश देकर अधिकारी को दबोच लिया।
मामला विभाग के एक चौकीदार के लगभग 8 लाख रुपये के लंबित एरियर्स से जुड़ा है, जिसे हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी किया जाना था। आरोप है कि एरियर्स की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में सिद्दीकी ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित कर्मचारी ने हिम्मत दिखाते हुए इसकी शिकायत लोकायुक्त से की। सत्यापन के बाद टीम ने सुनियोजित जाल बिछाया।
निर्धारित योजना के तहत पीड़ित ने पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये सौंपे। रकम लेते ही आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो वे गुलाबी हो गए—जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत बना। इसके बाद अधिकारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग के दफ्तर में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अब केवल नारा नहीं, बल्कि जमीन पर उतरती सख्त हकीकत बन चुकी है।
कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा