तीन दशक से आतंक का पर्याय ‘मुक्कू’ पर NSA का शिकंजा

जबलपुर में लंबे समय से दहशत का दूसरा नाम बने मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल पर आखिरकार प्रशासन का कड़ा प्रहार हुआ है। थाना मदनमहल क्षेत्र में अपराध की फेहरिस्त लिखने वाले इस आदतन अपराधी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

थाना प्रभारी मदन महल धीरज राज ने जानकारी देते हुए बताया कि मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल पिता महेश पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी मेहता पेट्रोल पंप के सामने मछली मार्केट, वर्ष 2013 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके विरुद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास, लूट, अवैध वसूली, जुआ, आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित कुल 39 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयाँ की गईं, लेकिन उसके तेवरों में कोई बदलाव नहीं आया। क्षेत्र में उसका इतना खौफ था कि लोग उसके खिलाफ सूचना देने और रिपोर्ट दर्ज कराने से भी डरते थे। स्थानीय नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे थे और उसका स्वच्छंद विचरण किसी भी समय किसी बड़ी वारदात को जन्म दे सकता था।

इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा आरोपी मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3 सहपठित धारा 2 के तहत कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि ‘मुक्कू’ पर लगा NSA का शिकंजा शहर में फैले उसके आतंक को किस हद तक खत्म कर पाता है।

ब्यूरो ऋषि रजक की कलम से…

Comments (0)
Add Comment