मण्डला के टिकरिया क्षेत्र में वेलेंटाइन डे के दिन मिले युवक के लहूलुहान शव ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या और दुर्घटना के बीच उलझी रही, लेकिन महज दो दिनों में जो सच सामने आया उसने हर किसी को सन्न कर दिया।
मृतक सुमित, जो जबलपुर का निवासी था, अपनी पत्नी जमुना के साथ रिश्तेदारों से मिलने टिकरिया आया हुआ था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमुना के अपने पड़ोस में रहने वाले युवक सूर्यकांत से अवैध संबंध थे। इसी रिश्ते की आड़ में पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची गई।
योजना के तहत जब सुमित और उसकी पत्नी मण्डला की ओर बाइक से जा रहे थे, तभी मधुबन ढाबे के पास घात लगाए बैठे आशिक ने बाइक रुकवाई। पहले कहासुनी और हाथापाई हुई, फिर पत्नी ने भी पति का साथ छोड़ प्रेमी का साथ दिया। इसी दौरान सूर्यकांत ने बल्ले से वार कर सुमित को मौत के घाट उतार दिया।
मृतक के परिजनों से पूछताछ में पत्नी के अवैध संबंधों की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार पत्नी और उसके आशिक ने हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
इश्क, विश्वासघात और हत्या की यह कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।