फीस के फेर में भविष्य पर ताला? जॉनसन स्कूल में छात्रा को परीक्षा से रोके जाने पर एबीवीपी का हंगामा

जबलपुर शहर के जॉनसन स्कूल में फीस बकाया होने के कारण एक होनहार छात्रा को परीक्षा से वंचित किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। एडमिट कार्ड जारी न करने और परीक्षा में बैठने से रोकने की खबर सामने आते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

परिषद के पदाधिकारियों ने छात्रा के समर्थन में स्कूल परिसर में तालाबंदी कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फीस विवाद के चलते किसी भी छात्र का शैक्षणिक वर्ष दांव पर लगाना न केवल अनुचित बल्कि अमानवीय है। उनका आरोप है कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की बच्ची के साथ अन्याय हुआ है और उसे तत्काल परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाना चाहिए।

मामले में छात्रा के शिक्षक पराग देवान की अपील भी चर्चा का विषय बनी रही, जिसमें उन्होंने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से बच्ची का साल बचाने की गुहार लगाई। प्रदर्शन के दौरान परिषद ने साफ चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के बाद निजी स्कूलों की फीस नीति और शिक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में नई बहस छिड़ गई है।

Comments (0)
Add Comment