फर्ज के साथ सेहत की भी पहरेदारी: जबलपुर रेल पुलिस लाइन में लगा निशुल्क स्वास्थ्य महाशिविर
By
Editor on February 20, 2026
जबलपुर की रेल पुलिस अब सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि अपनी सेहत को भी प्राथमिकता देती नजर आई। जबलपुर में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर रेल पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद के मार्गदर्शन में रेल पुलिस लाइन परिसर में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर में लगभग 200 पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने भाग लिया। बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल और चित्रकूट नेत्र चिकित्सालय की संयुक्त चिकित्सकीय टीम ने आधुनिक उपकरणों के साथ बीपी, शुगर, ईसीजी और नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं।
सुबह से ही रेल पुलिस लाइन में स्वास्थ्य जांच के लिए उत्साहजनक भीड़ देखने को मिली। ड्यूटी की कठोर दिनचर्या के बीच पुलिसकर्मियों ने न केवल अपनी जांच करवाई, बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों से व्यक्तिगत परामर्श भी लिया। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
रेल पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने स्पष्ट किया कि “सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए पुलिस बल का स्वस्थ रहना अनिवार्य है।” यही कारण है कि इस प्रकार के शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि वर्दीधारी जवान पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
सेवा और सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य का यह संगम रेल पुलिस की संवेदनशील और दूरदर्शी सोच को भी दर्शाता है।