कार सवारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा…
जबलपुर से करीब 45 किलोमीटर दूर सिहोरा टोल नाका पार करते ही उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में अज्ञात कारणों से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह खाक हो गई। हाईवे पर धधकती गाड़ी को देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार सवारों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही सिहोरा दमकल दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी इसकी वजह हो सकती है।
पूरा मामला जबलपुर जिले के थाना सिहोरा क्षेत्र स्थित टोल नाके का है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।