जंगल में खून से सना मिला बुजुर्ग का शव, सिर पर गहरी चोट… पनागर के छतरपुर में हत्या की आशंका से सनसनी

जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छतरपुर गांव के पास स्थित जंगली इलाके में एक बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान करीब 60 से 62 वर्षीय हल्लू कोल के रूप में हुई है, जो ककरहाई तालाब के पास खेत की रखवाली का काम करते थे। बताया जा रहा है कि उनका शव छतरपुर गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर सुनसान जंगल में पड़ा मिला।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, वहीं आसपास खून के धब्बे भी दिखाई दिए। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है।

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने भी इस घटना को हत्या बताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल पनागर पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Comments (0)
Add Comment