सरे बाजार ‘आशिकी’ का भूत उतारा: 42 वर्षीय मनचले की युवती ने चप्पलों से की धुनाई
इंस्टाग्राम पर एडिटेड फोटो पोस्ट कर रहा था परेशान, बाजार में मिलते ही युवती ने सिखाया सबक
कटनी जिले के स्लीमनाबाद बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती ने बीच बाजार 42 वर्षीय मनचले की चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हुई इस घटना का वीडियो भी चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के मुताबिक उमरियापान निवासी 42 वर्षीय शाकिर मंसूरी लंबे समय से युवती को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर परेशान कर रहा था। वह बार-बार युवती को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा था, जिसे युवती लगातार नजरअंदाज कर रही थी।
बताया जाता है कि युवती द्वारा रिक्वेस्ट स्वीकार न करने पर आरोपी ने साजिश रचते हुए युवती की फोटो इंस्टाग्राम से निकालकर उसे एडिट किया और अपने साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जब युवती ने अपनी एडिटेड फोटो देखी तो वह आक्रोशित हो गई।
इसी बीच शुक्रवार को स्लीमनाबाद बाजार में अचानक युवती की नजर आरोपी शाकिर मंसूरी पर पड़ गई। फिर क्या था—अपने सम्मान की रक्षा के लिए युवती ने बिना किसी डर के मनचले पर हमला बोल दिया। चंडी के रूप में नजर आई युवती ने हाथ-मुक्कों और चप्पलों से आरोपी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
घटना के बाद युवती सीधे थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती की शिकायत पर स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी शाकिर मंसूरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79 और 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बीच बाजार युवती द्वारा दिखाया गया साहस अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग इसे मनचलों के खिलाफ एक कड़ा संदेश मान रहे हैं कि यदि कोई सम्मान से खिलवाड़ करेगा, तो जवाब भी उसी अंदाज में मिलेगा।
हीरा विश्वकर्मा की कलम से…