मांडवा गोलीकांड में चार बदमाश गिरफ्तार, जुलूस निकालकर पुलिस ने बदमाशों को दिखाया आईना
मांडवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने वालों की निकली हवा, पुलिस ने जुलूस निकालकर सिखाया कानून का पाठ…
जबलपुर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले बदमाशों को पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया कि उनकी सारी हेकड़ी सरेआम निकल गई। गोरखपुर थाना क्षेत्र की रामपुर चौकी अंतर्गत मांडवा इलाके में फरवरी माह में कुछ बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की पहचान करने में जुट गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गोलीकांड में शामिल चार बदमाशों को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों का उसी मांडवा इलाके में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने हवाई फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस की मौजूदगी में निकले इस जुलूस के दौरान आरोपी खुद ही जोर-जोर से कहते नजर आए— “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।”
पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके के बदमाशों के लिए सख्त चेतावनी माना जा रहा है। साफ संकेत है कि शहर में दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों को पुलिस इसी तरह सरेआम कानून का पाठ पढ़ाएगी।
इस कार्रवाई में गोरखपुर थाना प्रभारी और रामपुर चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव के साथ पुलिस टीम के रविंद्र नेगी, विजय पाठक, मोहन बरकड़े, रामकृष्ण शर्मा और रीतेश नेमा की सराहनीय भूमिका रही।