विजयराघवगढ़ में रोजगार का ‘मेगा मौका’: प्लेसमेंट ड्राइव में 288 में से 136 युवाओं को मिली नौकरी
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया, जब शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ और Adani Skill Development Centre, कैमोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव ने सैकड़ों विद्यार्थियों की उम्मीदों को पंख दे दिए। इस रोजगार शिविर में कुल 288 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 136 युवाओं का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में किया गया।
सबसे खास बात यह रही कि चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर सौंप दिए गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल नजर आया। यह पहल क्षेत्र के युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
प्लेसमेंट ड्राइव में देश की कई नामचीन कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें Apollo Hospitals, Volvo Eicher Commercial Vehicles, Tata Motors, Gokaldas Exports Limited, JK Tyre, Vardhman Fabrics और Vardhman Yarns जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के इंटरव्यू लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।
कार्यक्रम का संचालन शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ की प्राचार्य डॉ. सुषमा श्रीवास्तव, उप-प्राचार्य डॉ. अरुण तथा Adani Skill Development Centre के क्लस्टर हेड राकेश चटर्जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
आयोजकों का कहना है कि इस प्लेसमेंट ड्राइव ने न केवल 136 युवाओं को करियर की शुरुआत का अवसर दिया, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में यह भरोसा भी जगाया कि सही कौशल और मार्गदर्शन के साथ रोजगार के दरवाजे दूर नहीं हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं के हुनर को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं और क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश भी दे रहे हैं।
कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती