“वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़: जबलपुर-रायपुर से चुराई 15 बाइक बरामद, मैकेनिक साथी करता था पार्ट्स की हेराफेरी”

जबलपुर शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच थाना माढ़ोताल पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जबलपुर और रायपुर से चोरी की गई 15 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश श्रीवास (48) निवासी राजीव गांधी नगर, आकाश विहार माढ़ोताल और राजेश साहू (30) निवासी गली नंबर 4 राजीव गांधी नगर माढ़ोताल शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि राकेश शहर और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजेश साहू, जो पेशे से मैकेनिक है, चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स निकालकर अन्य वाहनों में बिना बताए फिट कर देता था, जिससे चोरी की पहचान मुश्किल हो जाती थी।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब उमेश देव पाण्डेय ने 12 मार्च को अपनी हीरो पैशन प्रो (एमपी 20 एनसी 3893) मोटरसाइकिल के अपोलो अस्पताल के बाहर से चोरी होने की रिपोर्ट थाना माढ़ोताल में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की।

14 मार्च को पाटन बायपास क्षेत्र में दबिश के दौरान पुलिस ने राकेश श्रीवास को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। कागजात नहीं होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने वाहन चोरी की वारदातें कबूल कर लीं और अपने साथी राजेश साहू का नाम भी उजागर कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पाटन बायपास और ओरिया मटर मंडी के पीछे खाली प्लॉट तथा शौचालय के पास छिपाकर रखी गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि दो बाइक राजेश की दुकान से और एक बाइक आरोपी के कब्जे से जब्त की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद वाहनों में से थाना माढ़ोताल के 2, लार्डगंज के 2, ग्वारीघाट के 1 और रायपुर (छत्तीसगढ़) के 1 प्रकरण से जुड़े वाहन शामिल हैं, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में भी पतासाजी जारी है।

गौरतलब है कि आरोपी राकेश श्रीवास के खिलाफ पहले भी मारपीट, चोरी और वाहन चोरी के मामले जबलपुर, दमोह और रायपुर में दर्ज हैं, जबकि राजेश साहू के खिलाफ थाना विजयनगर में वाहन चोरी का अपराध दर्ज है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम के विजय शुक्ला, विश्वेश्वर वर्मा, अजय श्रीवास्तव, लालजी यादव, सचिन मेहरा, निकेश, विनय सिह, राहुल, कुनाल यादव, विनय कुमार तथा दीनदयाल बस स्टैण्ड में कार्यरत सहायक उप निरीक्षक विजय शुक्ला,  धीरेन्द्र सिंह, मेहताब खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments (0)
Add Comment