राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित दिल्ली स्टेट ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के 49 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें अदाणी फाउंडेशन कैमोर एवं अमेहटा सीमेंट वर्क्स के स्पोर्ट्स प्रोजेक्ट से जुड़े 6 खिलाड़ियों का चयन भी खासा उल्लेखनीय रहा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 5 खिलाड़ियों में से 3 ने पदक जीतकर न केवल संस्था बल्कि प्रदेश का मान बढ़ाया। युवा प्रतिभा अंकिता बड़गैयां ने 100 मीटर हर्डल्स में 15 सेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और साथ ही इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2026 के लिए क्वालिफाई कर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
वहीं, कुमकुम गौतम ने भाला फेंक स्पर्धा में 27.06 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। दूसरी ओर, सागर मांझी ने हेप्थलॉन में 5000 से अधिक अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक जीतते हुए 24वीं नेशनल जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
द्रक्षा नाज़ और पूर्णिमा गुप्ता ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अनुभव अर्जित किया, जो उनके भविष्य के प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
अदाणी फाउंडेशन के स्पोर्ट्स प्रोजेक्ट के इन प्रशिक्षुओं ने अपने दमदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और संसाधनों के साथ ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि युवा प्रतिभाओं को निखारने के प्रति अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण है।
इस उपलब्धि पर अदाणी फाउंडेशन कैमोर की क्लस्टर सीएसआर हेड श्रीमती ऐनेट एफ. बिश्वास, एचआर हेड दिनेश पाठक एवं प्लांट हेड अतुल दत्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से…