प्रेमी के साथ शादी करने के लिए भागी लड़की, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने करवाई शादी

नरकटियागंज। चम्पारण के नरकटियागंज में एक अनोखी शादी की घटना सामने आई है, जिसमें एक लड़की ने अपनी इच्छा से शादी करने के लिए अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ कदम उठाया। घटना का गवाह नगर का प्रसिद्ध गोपाला ब्रह्म स्थान बना, जहां समाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रेमी जोड़े की शादी करवाई। प्रेमी जोड़े की कहानी की शुरुआत तब हुई जब विशाल तिवारी, जो कि नगर के प्रकाश नगर निवासी रामानंद तिवारी का छोटा बेटा है, ने अपनी भाभी की छोटी बहन शिवानी से प्यार किया। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग लगभग 6 महीनों से चल रहा था। लेकिन जब शिवानी के परिवार को इसकी जानकारी हुई, उन्होंने उसकी शादी एक अधेड़ व्यक्ति से उत्तर प्रदेश में तय कर दी और इसके एवज में 50 हजार रुपए भी लिए।
इस निर्णय से नाराज शिवानी ने शादी से इंकार कर दिया और घरवालों के उत्पीड़न से बचने के लिए भागकर अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। इसके बाद लड़की के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ा और लंबी पूछताछ की। पुलिस को जब यह पता चला कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं, तो उन्हें छोड़ दिया गया।
इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता वर्मा प्रसाद, नगर उप सभापति प्रतिनिधि संतोष राज और अन्य लोगों ने गोपाला ब्रह्म स्थान स्थित मंदिर में विधि-विधान से दोनों की शादी करवाई। शादी में लड़के के परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए, जबकि लड़की के परिवार वाले शादी से नाराज होकर शामिल नहीं हुए और अपने घर चले गए।
विसूनपरवा गांव निवासी पंडित शेषमणी तिवारी ने हिंदू रीति-रिवाज से इस शादी को संपन्न कराया। शादी के बाद दोनों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुलिस को धन्यवाद दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.