नवनिर्मित रेल लाइन पर 110 किमी प्रतिघंटा की गति से दौड़ा इंजन, जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी 11 अक्टूबर से चलेगी
जबलपुर मंडल के सतना-बरेठिया स्टेशनों के मध्य नई रेल लाइन तैयार हुई है। नवनिर्मित रेल लाइन का निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) मनोज अरोरा ने किया। 110 किमी प्रतिघंटा की गति से इंजन दौड़ाकर नवीन रेललाइन की मजबूती को जांचा गया।
वहीं जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (11265) 11 अक्टूबर से पटरी पर लौट आएगी। रेलवे ने कटनी-शहडोल रेलखंड पर रेलपथ अधोसरंचना कार्य के कारण तीन रेलगाड़ी का संचालन निरस्त किया था। जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी को दो से 11 अक्टूबर तक निरस्त किया गया था।
सीआरएस ने ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया। यह देखा कि रेललाइन सामान्य ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार है कि नहीं? इस दौरान सीआरएस ने सिग्नल सिस्टम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ओएचई लाइन, यार्ड के कार्यों गुणवत्ता की जांच की।
सीआरएस ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया
स्टेशनों के भवन, उपलब्ध सुविधाओं, समपार फाटकों में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सीआरएस ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है। अनुमति पत्र प्राप्त होते ही नवीन रेलखंड में ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। सीआरएस का पश्चिम मध्य रेल में नवनिर्मित रेललाइन की जांच का बुधवार को लगातार तीसरा दिन था।