गोली, गैंग और गहरी साजिश,हर्ष सिंह ने दी थी पिस्टल, इन लोगों ने की थी रेकी
भाजपा नेता नीलू रजक की हत्या में शामिल अब तक पाँच आरोपी दबोचे गए…

कटनी कैमोर में भाजपा नेता नीलेश उर्फ नीलू रजक की गोली मारकर हत्या करने वाली गैंग का पर्दाफाश हो गया है! पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आठ में से पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार हैं।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि इन पाँचों ने मिलकर इस साज़िश को अंजाम दिया था, जिससे कैमोर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति भी बनी थी। बताया गया है कि अब तक गिरफ्तार आरोपियों में अकरम खान (28), इमेनुअल जोसेफ उर्फ प्रिंस (19), सलीम खान उर्फ चच्चा, मोहम्मद जैद अजहरी और हर्ष सिंह शामिल हैं।

गोली, गैंग और गहरी साजिश…
28 अक्टूबर की दरमियानी रात कैमोर में तब दहशत फैल गई, जब दो नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता नीलू रजक को सरेआम मार दिया था। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, लोग गुस्से में सड़कों पर उतर आए, और प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस की सजगता…
कटनी पुलिस ने मामला दर्ज कर (एफआईआर 302/25, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस व 25/27 आर्म्स एक्ट) विशेष जांच दल (SIT) बनाई। मुखबिरों और तकनीकी निगरानी के ज़रिए पुलिस ने सबसे पहले अकरम खान और इमेनुअल जोसेफ को ग्राम कजरवारा, बहोरीबंद के पास पकड़ लिया।
लेकिन गिरफ्तारी आसान नहीं थी — दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी! जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सीने नहीं, बल्कि पैरों पर गोलियां दागीं, और दोनों घायल हालत में दबोच लिए गए। दोनों को फिलहाल मेडिकल कॉलेज जबलपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
हर्ष सिंह बना हथियार सप्लायर — बाकी दो थे रेकी करने वाले…
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ— हर्ष सिंह ने ही हत्या में इस्तेमाल हुई पिस्टल मुहैया कराई थी! वहीं, सलीम खान उर्फ चच्चा और मोहम्मद जैद अजहरी ने नीलू रजक की हर गतिविधि पर नजर रखी और पूरे हमले की रेकी की थी। पुलिस के मुताबिक, सभी आठों ने मिलकर सोच-समझकर हत्या की पूरी साजिश रची थी।

रिमांड पर होगी सख्त पूछताछ, बाकी तीन पर शिकंजा जल्द…
कटनी पुलिस ने अब इन पाँचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर ली है। तीन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है।
वहीं एसपी ने साफ कहा है — भाजपा नेता की हत्या के पीछे की हर कड़ी उजागर होगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा!
कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती