
जबलपुर में नशे के कारोबार पर एक और करारा प्रहार करते हुए क्राइम ब्रांच और माढोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है। कटंगी रोड स्थित वी.आर.एल. ट्रांसपोर्ट के पास मुखबिर की पुख्ता सूचना पर की गई कार्रवाई में 40 कार्टून में भरी 4,800 बोतलें जब्त की गईं।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के अनुसार जब्त की गई “मैक्का-टस” नामक कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत 8 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस सिरप का इस्तेमाल नशे के रूप में दुरुपयोग के लिए किया जा रहा था।
बिल्टी–जीएसटी इनवॉइस की जांच में खुली परतें
पुलिस ने मौके से मिले बिल्टी और जीएसटी इनवॉइस की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। संबंधित फर्मों और व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दस्तावेजों के जरिए सप्लाई चेन की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।
नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने की मुहिम जारी
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय अवैध नशीली दवाओं के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
शहर में लगातार बढ़ती ऐसी कार्रवाइयों से यह साफ संकेत है कि कानून के शिकंजे से बच पाना अब आसान नहीं।
ब्यूरो ऋषि रजक