कैमोर की बेटी डॉ. अंशिता सिंघई को राष्ट्रीय मंच पर मिला आईसीडी मेरिट अवॉर्ड, बढ़ाया कटनी जिले का मान

कटनी जिले की औद्योगिक नगरी कैमोर के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया, जब अधिमान्य पत्रकार राजेश सिंघई की पुत्री डॉ. अंशिता सिंघई को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित आईसीडी मेरिट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे कैमोर नगर और कटनी जिले का नाम रोशन किया है।

यह सम्मान इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ डेंटिस्ट (ICD) के तत्वाधान में आयोजित वार्षिक दीक्षांत एवं अवॉर्ड समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी, द्वारका (दिल्ली) में हुआ, जहां देश-विदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा विशेषज्ञों और दंत चिकित्सकों की मौजूदगी में प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

समारोह में आईसीडी के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. जूलियो एच. रोड्रिग्यूज, आईसीडी प्रेसिडेंट डॉ. वी.एस. कोहली, पद्मश्री डॉ. दिगंबर बेहरा, पद्मभूषण डॉ. के.के. तलवार, डॉ. वाई.के. विरवानी तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. महेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई और इस दौरान आईसीडी न्यूज़ लेटर का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों—दिल्ली, आंध्र प्रदेश, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश और चेन्नई से आए मेरिट में स्थान प्राप्त ग्रेजुएट एवं पोस्ट-ग्रेजुएट दंत चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में हितकारिणी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जबलपुर की छात्रा डॉ. अंशिता सिंघई को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और समर्पण के लिए मेरिट अवॉर्ड, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया गया।

अपनी इस सफलता का श्रेय डॉ. अंशिता ने हितकारिणी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जबलपुर के डायरेक्टर डॉ. राजेश धीरावानी, डीन डॉ. रोहित मिश्रा, रजिस्ट्रार जय केसवानी के मार्गदर्शन के साथ-साथ अपने पिता राजेश सिंघई और माता श्रीमती अनीता सिंघई के सहयोग को दिया।

गौरतलब है कि डॉ. अंशिता सिंघई ने अपनी 12वीं तक की शिक्षा डीएवी एसीसी पब्लिक स्कूल कैमोर से प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि ने कैमोर सहित पूरे कटनी जिले को गौरवान्वित किया है और यह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से…

Leave A Reply

Your email address will not be published.