कटनी में कांग्रेस की हलचल तेज: अजय सिंह राहुल भैया आज करेंगे शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं संग मंथन

कटनी। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया आज कटनी दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला कांग्रेस संगठन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राहुल भैया सोमवार दोपहर मैहर जिले से सड़क मार्ग द्वारा कटनी पहुंचेंगे। करीब डेढ़ बजे वे आस्था प्लाजा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं की अहम बैठक लेंगे, जहां आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी।
इसके बाद वे जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निवास पर पहुंचकर सौजन्य मुलाकात करेंगे। शाम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह के निवास पर जिलेभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम तय है।
राहुल भैया के इस दौरे को कटनी जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
हीरा विश्वकर्मा की कलम से…