खूनी वारदात: पुराने लेनदेन के विवाद में युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान मौत

संस्कारधानी जबलपुर के शाही नाका इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। सरेआम हुई इस खूनी वारदात से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि पुराने लेनदेन के विवाद को लेकर हुए झगड़े में रोहन पटेल और आयुष श्रीपाल ने मिलकर आयुष साहू पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे उसकी जांघ पर गहरे घाव हो गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, वहीं क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और लेनदेन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाती है।