पेरिस ओलंपिक के 13वें दिन भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। ये भारत का हॉकी में लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल है। टोक्यो ओलंपिक में भी भारत ने कांस्य पदक जीता था। भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह का अहम रोल रहा। दोनों गोल उनकी स्टिक से ही आए। पेरिस ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह ने 10 गोल किए। उनके अलावा गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने भी स्पेन के खिलाफ मैच में कमाल की गोलकीपिंग और उन्होंने आखिरी मिनट में 2 पेनल्टी कॉर्नर बचाए।
ये उनका आखिरी ओलंपिक है। श्रीजेश ने कुछ दिन पहले ही संन्यास का ऐलान किया था। भारत ने इससे पहले, 1968 और 1972 में लगातार दोओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। भारत ने ओलंपिक में हॉकी स्पर्धा में अपना 13वां पदक जीता है। इससे पहले, भारत को सेमीफाइनल में जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने हॉकी में अबतक 8 गोल्ड, 1 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।
ब्रॉन्ज मेडल जीत श्रीजेश को डेडिकेट
पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि ब्रॉन्ज मेडल जीत को गोलकीपर पीआर श्रीजेश को डेडिकेट करते हैं। हम फाइनल जीतना चाहते थे, लेकिन वो नहीं हो पाया। हम खाली हाथ घर नहीं जाना चाहते थे और हमने देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता है।
भारत के लिए रेसलिंग से अच्छी खबर आई है। मेंस 57 किलो भार वर्ग में अमन सेहरावत सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अल्बानिया के ज़ेलिमखान अबकारोव को एकतरफा मुकाबले में 12-0 से हराया। अब अमन मेडल से एक जीत दूर हैं। सेमीफाइनल में उनकी टक्कर टॉप सीड रे हिगुची से होगी। अगर अमन सहरावत सेमीफाइनल में जीत हासिल कर लेते हैं तो उनका कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो जाएगा और वहां भी वो अगर जीते तो गोल्ड मेडल उनके नाम होगा। अमन सेहरावत का सेमीफाइनल मुकाबला आज रात 9.45 बजे से खेला जाएगा।
इससे पहले, अमन ने प्री क्वार्टर फाइनल में व्लादिमीर इगोरोव को 10-0 से हराया था। अमन की जीत की खास बात ये रही कि अपने पहले बाउट की तरह उन्होंने क्वार्टर फाइनल भी टेक्वनिकल सुपीरियरिटी से जीता। दूसरी ओर, महिला रेसलिंग के 57 किलो भार वर्ग में उन्हें अमेरिकी पहलवान ने 7-2 से शिकस्त दी।