“कौशल क्रांति को मिला रफ्तार: कैमोर में 15 करोड़ से बनेगा आईटीआई कैंपस, युवाओं के सपनों को पंख”

कटनी विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कौशल विकास को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक संजय पाठक के सतत प्रयासों के चलते कैमोर में आईटीआई भवन, छात्रावास और स्टाफ क्वार्टर के निर्माण के लिए 15 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है, जिससे क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

दरअसल, दो वर्ष पूर्व शुरू हुआ कैमोर आईटीआई फिलहाल अस्थाई भवन में संचालित हो रहा था। स्थायी अधोसंरचना के अभाव में प्रशिक्षण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी। इस गंभीर आवश्यकता को देखते हुए विधायक संजय पाठक ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर नए भवन और छात्रावास की मांग रखी थी, जिसे अब शासन ने हरी झंडी दे दी है।

औद्योगिक युग की मांग के अनुरूप तैयार किए जा रहे इस आईटीआई परिसर में 6 अलग-अलग ट्रेड्स में प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। छात्रावास बनने से दूरदराज और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं स्टाफ क्वार्टर बनने से शिक्षकों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।

राशि स्वीकृति पर विधायक संजय पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि विजयराघवगढ़, बरही और कैमोर में आईटीआई की मजबूत व्यवस्था क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

स्पष्ट है कि कैमोर में बनने जा रहा यह आधुनिक आईटीआई कैंपस न सिर्फ शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और औद्योगिक तरक्की का आधार भी तैयार करेगा।

ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से…

Leave A Reply

Your email address will not be published.