“होटल के कमरे में महिला की रहस्यमयी मौत! बिना ID ठहराया, अब शक के घेरे में होटल प्रबंधन”
जबलपुर के धनवंतरी नगर चौक स्थित होटल रिलैक्स इन में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। होटल के कमरे में मिली इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी और संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे होटल को जांच के दायरे में ले लिया। शुरुआती पड़ताल में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया। बताया जा रहा है कि होटल प्रबंधन ने महिला को कमरा देते समय उसका आधार कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र तक नहीं लिया था। अब इसी लापरवाही को लेकर होटल संचालक पुलिस के निशाने पर आ गया है।
पुलिस ने होटल स्टाफ, कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफएल टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। जांच टीम कमरे से हर छोटे-बड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, ताकि महिला की पहचान और मौत के पीछे की असली वजह तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस पर रहस्य बरकरार है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर, होटल में बिना दस्तावेज जांचे कमरा देने की बात सामने आने के बाद होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।