महादान से महारिकॉर्ड: अदाणी फाउंडेशन के रक्तदान महाअभियान ने रचा इतिहास, 613 यूनिट रक्त संग्रह कर बनाया नया कीर्तिमान

“मुझे गर्व है कि मैं रक्तदाता हूं” के नारों से गूंजा कैमोर-अमेहटा, जिले का सबसे बड़ा रक्तदान शिविर बना मिसाल

कटनी। मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकारों का ऐसा अद्भुत संगम शायद ही पहले कभी देखने को मिला हो। अदाणी सीमेंट बिजनेस एवं अदाणी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कैमोर और अमेहटा सीमेंट वर्क्स में आयोजित विशाल रक्तदान महाअभियान ने कटनी जिले के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। इस भव्य आयोजन में रिकॉर्ड 613 यूनिट रक्तदान कर जिले का अब तक का सबसे बड़ा रक्तदान रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

रविवार को आयोजित इस महाअभियान में कर्मचारियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन स्थल पर एक ही नारा गूंजता रहा— “मुझे गर्व है कि मैं रक्तदाता हूं।”

रक्तदान शिविर का शुभारंभ कैमोर सीमेंट बिजनेस के चीफ प्लांट मैनेजर सुदीप्ता मंडल, कैमोर नगर परिषद अध्यक्षा पलक नमित ग्रोवर, लेडीज क्लब अध्यक्षा मोमिता मंडल, अमेहटा प्लांट हेड मोहन सिंह राठौर, क्लस्टर एचआर हेड दिनेश पाठक, ओएचसी हेड डॉ. शोमा श्रीवास्तव, सीएसआर क्लस्टर हेड ऐनेट एफ बिश्वाश, अमेहटा एचआर हेड नितिन बत्रा एवं ओएचसी इंचार्ज डॉ. महेश बिश्नोई की उपस्थिति में हुआ।

जनभागीदारी ने बनाया रिकॉर्ड

शिविर में प्लांट प्रबंधन, इंटक एवं बीएमएस यूनियन के सदस्य, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, नगर परिषद प्रतिनिधि, आसपास के गांवों के सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने मिलकर 613 यूनिट रक्तदान कर यह साबित कर दिया कि समाज के लिए कुछ करने की भावना हो तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं।

रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश

इस आयोजन की सबसे खास बात रही कि प्रत्येक रक्तदाता को सम्मान स्वरूप क्रैश हेलमेट भेंट किया गया। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जैसे रक्तदान किसी की जिंदगी बचाता है, वैसे ही हेलमेट पहनना भी जीवन की रक्षा करता है।

रक्तदाताओं को अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र, आकर्षक उपहार, ऊर्जा पेय और जलपान भी प्रदान किया गया। शिविर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

युवाओं और महिलाओं ने दिखाई मिसाल

रक्तदान महाअभियान में बड़ी संख्या में युवा और महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने रक्तदान को केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अपने कर्तव्य के रूप में निभाया।

समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध है अदाणी फाउंडेशन

अदाणी सीमेंट बिजनेस के चीफ प्लांट मैनेजर सुदीप्ता मंडल ने कहा कि यह आयोजन केवल रक्त संग्रह का अभियान नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन लगातार सक्रिय रहा है और इस अभियान में मिली अभूतपूर्व जनभागीदारी यह साबित करती है कि सामूहिक प्रयासों से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सभी के सहयोग से बनी ऐतिहासिक सफलता

शिविर की सफलता में कटनी ब्लड बैंक की टीम, प्लांट ओएचसी, एचआर विभाग, अदाणी फाउंडेशन, अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, इंटक एवं बीएमएस यूनियन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा राहत समर्पण सेवा समिति सहित अनेक सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कटनी जिले के इतिहास में दर्ज यह रिकॉर्ड केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता की ऐसी मिसाल है, जिसे आने वाले वर्षों तक याद रखा जाएगा।

— ब्यूरो रिपोर्ट : गुलशन चक्रवर्ती

Comments (0)
Add Comment