दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ नगर कांग्रेस का पुनर्गठन, बदलाव और संगठन मजबूती का दिया गया संदेश
कटनी (कैमोर)। कैमोर में कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन करते हुए संगठन विस्तार और पुनर्गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाया। खलवारा बाजार स्थित गुप्ता धर्मशाला में आयोजित नगर कांग्रेस कमेटी कैमोर की महत्वपूर्ण बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी मौजूदगी ने कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुंवर सौरव सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विजयराघवगढ़ विधानसभा प्रभारी मयंक त्रिपाठी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप (पप्पू) वाजपेयी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम का संयोजन पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गणेश राव ने किया, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री रविशंकर दुबे ने किया। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय नगर कांग्रेस कमेटी कैमोर के पुनर्गठन को लेकर रहा, जिसमें युवा कांग्रेस नेता श्रीकांत गुप्ता को सर्वसम्मति से नगर कांग्रेस अध्यक्ष मनोनीत एवं घोषित किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ स्वागत कर संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। नेताओं ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना एकजुट होकर करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में वरिष्ठ और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से जिला संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह, रवि सिंह परिहार (रत्नेश), महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शक्ति तिवारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास पांडे, पूर्व जिला महामंत्री रफीक खान (बबलू), दुर्गा बाढोलिया, राजेंद्र सोनी, सुधीर तिवारी, प्रदीप बोस, सुरेंद्र तिवारी (गुड्डू) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
संगठन में नई ऊर्जा, कांग्रेस ने दिया चुनावी तैयारी का संकेत
कैमोर में आयोजित यह बैठक केवल संगठनात्मक औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसे कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन और आगामी राजनीतिक रणनीति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। श्रीकांत गुप्ता की ताजपोशी के साथ कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिया है कि अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नए चेहरों को नेतृत्व में आगे लाने की रणनीति पर तेजी से काम किया जाएगा।
ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से…