तेज रफ्तार का कहर: जबलपुर-अहमदाबाद बस ने एंबुलेंस को रौंदा, एक की मौत… कई घायल

पाटन के खैरी गांव के पास भीषण हादसा, एंबुलेंस के उड़े परखच्चे; बस चालक गिरफ्तार, जांच शुरू

जबलपुर से अहमदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने शनिवार शाम ऐसा कहर बरपाया कि सामने से आ रही एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।

घटना पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी के पास की है, जहां शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बस क्रमांक AP11D 7775 यात्रियों को लेकर जबलपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही एंबुलेंस से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।

एंबुलेंस में बैठे युवक की मौके पर मौत

हादसे में सौरभ पटेल नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सौरभ अपने घायल भाई को इलाज के लिए एंबुलेंस से पाटन अस्पताल लेकर जा रहा था। ग्राम नोनी निवासी सौरभ ने अपने भाई के एक्सीडेंट के बाद डायल सेवा को बुलाया था और खुद भी एंबुलेंस में साथ बैठा था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—रास्ते में खैरी के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

एंबुलेंस में मौजूद मरीज, चालक और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

बस में भी मचा हड़कंप, कई यात्रियों को आई चोटें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के भीतर बैठे यात्रियों को भी जोरदार झटका लगा। करीब 10 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

बस में सफर कर रही यात्री ममता ने बताया कि बस जबलपुर से लगभग एक घंटे पहले ही रवाना हुई थी और अचानक जोरदार धमाके के साथ हादसा हुआ।
“तेज आवाज आई, बस हिल गई… कुछ समझ नहीं आया कि क्या हो गया,” ममता ने बताया।

कुछ यात्रियों का दावा है कि बस और एंबुलेंस दोनों की रफ्तार तेज थी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने बस चालक को किया गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। डायल 108 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि शहपुरा के पास जबलपुर-भोपाल मार्ग का पुल टूटने के बाद लंबी दूरी की बसों का दबाव पाटन-शहपुरा मार्ग पर बढ़ गया है, लेकिन सड़क संकरी होने के बावजूद बसें तेज रफ्तार में दौड़ रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते यातायात व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया, तो ऐसे हादसे आगे भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।

एक बार फिर तेज रफ्तार ने जिंदगी छीन ली… सवाल वही है—क्या सड़क पर दौड़ती रफ्तार पर कोई लगाम है?

Comments (0)
Add Comment