जबलपुर। शहर के धनवंतरी नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के भीतर बेड के नीचे पड़ा मिला। मृतक की पहचान सुरेंद्र उर्फ ‘चिंगम’ के रूप में हुई है, जो एक पूर्व सरपंच के मकान में केयरटेकर के रूप में कार्यरत था। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मौके पर पहुंचे लोगों के मुताबिक, मृतक के गले में गमछा कसा हुआ था, जबकि हाथ की कलाई पर गहरे कट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। कमरे के भीतर और आसपास फैला खून इस बात की ओर इशारा कर रहा था कि मौत से पहले वहां संघर्ष हुआ होगा। जैसे ही घटना की खबर फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
भाई टिफिन देने पहुंचा, सामने आया खौफनाक मंजर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात मकान की छत पर कुछ लोगों के साथ पार्टी होने की चर्चा सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि देर रात तक वहां लोगों की आवाजाही बनी रही। शुक्रवार सुबह जब सुरेंद्र का भाई उसे टिफिन देने पहुंचा, तो कमरे का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के भीतर बेड के नीचे खून से लथपथ सुरेंद्र का शव पड़ा था। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का आरोप— सुनियोजित हत्या, साक्ष्य मिटाने की कोशिश
मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सुरेंद्र की किसी से कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में उसकी मौत सामान्य नहीं हो सकती। परिवार ने आशंका जताई है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, देर रात आने-जाने वालों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। देर रात मकान और उसके आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी साक्ष्य और कैमरों की रिकॉर्डिंग इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
फॉरेंसिक टीम की देरी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने फॉरेंसिक जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि सूचना मिलने के काफी समय बाद तक एफएसएल टीम मौके पर नहीं पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना के लगभग तीन घंटे बाद एक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचा, जबकि शुरुआती समय में फोटोग्राफर तक उपलब्ध नहीं था। इससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
बढ़ते अपराधों से सहमे रहवासी, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धनवंतरी नगर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। चोरी, विवाद और अब इस सनसनीखेज हत्याकांड ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। रहवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ‘चिंगम’ की मौत के पीछे आखिर कौन है और इस खौफनाक हत्या का सच कब सामने आएगा।