न्याय की चौखट पर ‘महिला महाभारत’! एसपी ऑफिस में चलीं थप्पड़ों की बौछार, थाने पहुंचा मामला

जबलपुर। आमतौर पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में लोग न्याय की आस लेकर पहुंचते हैं, लेकिन मंगलवार को यहां का नजारा बिल्कुल अलग था। एसपी ऑफिस परिसर उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब दो महिलाओं के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर ‘महिला दंगल’ का गवाह बन गया और वहां मौजूद लोग हैरानी से यह हाई-वोल्टेज ड्रामा देखते रह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस अचानक इतनी बढ़ गई कि दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर टूट पड़ीं। जमकर हुई धक्का-मुक्की और मारपीट ने एसपी कार्यालय की शांति भंग कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक विवाद काफी बढ़ चुका था।

जानकारी के अनुसार, विवाद में पिंकी टंडन और एक निजी चैनल की संवाददाता विद्या रैकवार शामिल थीं। जैसे ही घटना की सूचना मिली, सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले जाया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, जिस स्थान पर लोग अपनी समस्याओं का समाधान तलाशने आते हैं, वहीं हुई इस हाथापाई ने पूरे शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। एसपी ऑफिस में हुए इस ‘महिला महाभारत’ की खबर दिनभर शहर में चटखारे लेकर सुनी और सुनाई जाती रही।

Comments (0)
Add Comment